हल्दूचौड़। गौलापार क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ित परिवार की मदद के लिए लोग आगे आने लगे हैं। समाजसेवी ने अपने परिवार की ओर से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, उनके मित्र एडवोकेट प्रकाश सनवाल ने 50 हजार रुपये और अंकित अग्रवाल ने भी 50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। इस तरह पीड़ित परिवार को कुल तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
समाजसेवी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले परिवार के सदस्यों को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार का सहारा बनना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है, इसलिए सभी लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि अभी कुछ दिनों तक लोग परिवार के साथ रहेंगे, लेकिन समय बीतने के बाद उनकी जरूरतों को पूरा करने वाला कोई नहीं होगा। ऐसे में यदि समाज मिलकर सहयोग करे तो पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिल सकती है।
समाजसेवी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे मानवता के नाते आगे आएं और अपनी सामर्थ्य के अनुसार पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता करें, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ सहारा मिल सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
