कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलकर पुनः जांच और जागरूकता अभियान की मांग की
देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद प्रदेश की मतदाता सूची से करीब नौ लाख गैर-मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर कांग्रेस ने चिंता जताई है। पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम से मुलाकात कर मतदाता सूची से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एसआईआर के दौरान यदि किसी पात्र नागरिक का नाम किसी त्रुटि या अन्य कारण से मतदाता सूची से बाहर रह गया है तो उसकी दोबारा जांच की जानी चाहिए। राजकुमार ने विशेष रूप से राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र का मामला उठाते हुए कहा कि एसआईआर के बाद क्षेत्र के 39,046 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के बाद यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने पात्र नागरिकों को दोबारा नाम जुड़वाने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने फॉर्म-6 भरने में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों का मुद्दा भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उठाया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बड़ी संख्या में लोग मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन के तरीके से पूरी तरह परिचित नहीं हैं।
कांग्रेस ने निर्वाचन विभाग से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की, ताकि पात्र नागरिक आसानी से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि एसआईआर के बाद बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं, इसलिए पात्र नागरिकों के नाम दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाना चाहिए।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
