देहरादून। वन्यजीव प्रेमी अब देहरादून स्थित दून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार कर सकेंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफेद बाघ के बाड़े का उद्घाटन किया। इसके साथ ही चिड़ियाघर में पर्यटकों के लिए तेजस को देखने का रास्ता खुल गया।
बाड़े में सफेद बाघ की पहली झलक मिलते ही वन्यजीव प्रेमी उत्साहित नजर आए। लोगों ने अपने कैमरों में तेजस की तस्वीरें कैद कीं। इस अवसर पर एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।
ग्वालियर से देहरादून लाया गया तेजस
करीब ढाई वर्ष का सफेद बाघ तेजस अपनी नीली आंखों और सफेद शरीर पर काली धारियों के कारण खास पहचान रखता है। उसने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से देहरादून तक करीब 556 किलोमीटर का सफर विशेष रेस्क्यू वाहन से तय किया। इस दौरान उसके साथ पशु चिकित्सकों और वन विभाग के अधिकारियों सहित 13 सदस्यीय टीम मौजूद रही।
तेजस को 28 सितंबर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से देहरादून लाया गया था। इसके बदले दून चिड़ियाघर के करीब पांच वर्षीय रॉयल बंगाल टाइगर ‘भोला’ को ग्वालियर भेजा गया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
