नेपाल में बाढ़ से तबाही: 133 भारतीय लापता, उत्तराखंड सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
चंपावत। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी है। आपदा में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है, जबकि सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 133 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा को देखते हुए उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। नेपाल में यदि कोई उत्तराखंड निवासी फंसा है या किसी परिचित के संबंध में जानकारी चाहिए, तो प्रशासन ने सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोगों से अपील की है कि नेपाल में फंसे किसी उत्तराखंड निवासी की जानकारी होने पर तत्काल अधिकृत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। संबंधित व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, नेपाल में संभावित स्थान और उपलब्ध अन्य जानकारी साझा करने से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी।
6 हेल्पलाइन नंबर और टोल फ्री नंबर जारी
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से हेल्पलाइन नंबर 0135-2710334, 0135-2710335, 0135-2664314, 0135-2664315, 0135-2664316 और 8218867005 जारी किए गए हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आपदा से संबंधित जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही साझा करें। जिला प्रशासन राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। आपात स्थिति में नागरिकों की सहायता के लिए प्रशासन को अलर्ट रखा गया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
