लालकुआं। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत लालकुआं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने सबसे पहले राजकीय इंटर कॉलेज लालकुआं से निकाली गई प्रभात फेरी में प्रतिभाग किया।
इसके बाद गांधी पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर तथा अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत कार्यालय में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर पुष्प अर्पित किए गए। इसके पश्चात कार्यालय के सभाकक्ष में स्वच्छता गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अधिशासी अधिकारी और नगर पंचायत सभासदों ने स्वच्छता को लेकर अपने विचार रखे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और स्वच्छता को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने में नगरवासियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है और प्रत्येक नागरिक को कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत के सभासद, समस्त कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
