60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के आरोप में 30 वर्षीय युवक गिरफ्तार, चार घंटे बंधक बनाने का भी आरोप

खबर शेयर करें 👉

गदरपुर। कोतवाली गदरपुर क्षेत्र के एक गांव में 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने 30 वर्षीय युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है। आरोप है कि महिला किसी काम से जा रही थी, तभी गांव में रहने वाले युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। महिला के विरोध के बावजूद आरोपी उसे कथित तौर पर अपने घर के अंदर ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में शराब की दुकानों पर प्रशाशन की ताबड़तोड़ छापेमारी, भवाली में ओवररेटिंग तो लालकुआं में पांच रुपये की ओवररेटिंग पकड़ी


आरोप है कि युवक ने महिला को करीब चार घंटे तक घर में बंधक बनाकर रखा और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वहां से निकलने के बाद महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला की पुत्रवधू ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर मामले की जांच कर रहीं एसआई मेघा शर्मा और सकैनिया चौकी प्रभारी एसआई विजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ आरोपी सुरेश को अब्दुल्लानगर से बमनपुरी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में यू-ट्यूबर सौरभ जोशी से कार सवार युवकों ने की गाली-गलौज, पत्नी अवंतिका ने पुलिस से की शिकायत


सीओ बाजपुर/गदरपुर अखिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।