(UTTRAKHAND) यहां चौंकाने वाला मामला, 14 साल की नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़: उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में बाल विवाह का शिकार बनी 14 साल की किशोरी ने लड़के को जन्म दिया है. महिला अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं. दोनों डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे. वहीं, इस मामले में किशोरी के कथित पति के खिलाफ मुनस्यारी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

प्रसव पीड़ा होने पर किशोरी को लाया गया था अस्पताल: दरअसल, सीमांत पिथौरागढ़ जिले की मुनस्यारी तहसील क्षेत्र के एक गांव की गर्भवती को शनिवार यानी 11 अप्रैल की शाम को प्रसव के लिए पिथौरागढ़ महिला अस्पताल लाया गया था. अस्पताल में भर्ती प्रक्रिया के दौरान जब दस्तावेजों की जांच की तो गर्भवती के महज 14 साल की होने का पता चला. जिससे डॉक्टरों के हाथ पांव फूल गए.

अल्ट्रासाउंड में पता चला 8 माह की गर्भवती, अस्पताल में बेटे को दिया जन्म: वहीं, जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल में अल्ट्रासाउंड किया गया. जांच में उसके 8 माह की गर्भवती होने का पता चला. किशोरी ने सोमवार यानी 13 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे बच्चे को जन्म दिया. फिलहाल, जच्चा-बच्चा गोनों पूरी तरह से स्वस्थ्य हैं. हालांकि, दोनों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है.
“जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं. दोनों को निगरानी में रखा में हुआ है.”- डॉ. भागीरथी गर्ज्याल, पीएमएस, जिला अस्पताल

बाल संरक्षण समिति ने जच्चा बच्चा का जाना हाल: वहीं, बाल संरक्षण समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खाती ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हाल जाना. उन्होंने बताया कि दोनों स्वस्थ्य हैं. बाल संरक्षण समिति मामले में नजर बनाए हुए हैं. उधर, मामले में मुनस्यारी थाने में कथित पति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है.

बता दें कि पहाड़ों में कई जगहों पर चोरी छिपे बाल विवाह हो रहे हैं. जिसका नतीजा है कि कम उम्र में लड़कियां मां बन रही हैं. रुद्रप्रयाग हो पिथौरागढ़ कई जगहों पर बाल विवाह रोके गए हैं. इसके अलावा दुष्कर्म की घटना में भी कम उम्र में लड़कियां बच्चों को जन्म दे रही हैं. जो उनके स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है.