खटीमा। खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट नंबर-5 से सटे जंगल में एक वयस्क नर हाथी (टस्कर) मृत मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। हाथी की मौत के बाद उसके झुंड के अन्य हाथियों के जंगल में सक्रिय होने से वन विभाग ने एहतियातन क्षेत्र की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। मृत हाथी के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है, जबकि उच्च अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
नेपाल तक आता-जाता है हाथियों का झुंड
तराई पूर्वी वन प्रभाग की खटीमा रेंज, किलपुरा रेंज से सटी हुई है। किलपुरा क्षेत्र हाथी कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है, जहां बड़ी संख्या में जंगली हाथियों की आवाजाही रहती है। यही कारण है कि हाथियों का झुंड खटीमा और किलपुरा रेंज के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल तक भी आता-जाता रहता है।
रविवार सुबह उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट नंबर-5 के पास नहर किनारे एक टस्कर का शव मिलने की सूचना वन बीट आरक्षी दीपु सिंह को मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी हरेंद्र बिष्ट को अवगत कराया और टीम के साथ मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई हो सकती है, क्योंकि घटनास्थल के आसपास बड़े पैमाने पर मक्के की फसल है और फसलों की सुरक्षा के लिए कई बार अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। हालांकि वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
