रुद्रपुर। खेड़ा क्षेत्र में लूडो खेलने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ईदगाह मैदान में दोस्तों के साथ लूडो खेल रहे 27 वर्षीय युवक ने मोहल्ले के ही एक युवक को उम्र में छोटा बताते हुए खेल में शामिल करने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज युवक ने पीछे से उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
लूडो खेलने से मना करने पर हुआ विवाद
वार्ड नंबर 18 खेड़ा निवासी 27 वर्षीय शाहनवाज पुत्र आजिद 12 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित ईदगाह मैदान में टहलने गया था। वहां वह अपने दोस्तों आजम, कासिम, वसीम, अरमान, चांद समेत अन्य युवकों के साथ लूडो खेलने लगा।
इसी दौरान वार्ड नंबर 18 खेड़ा निवासी गोलू पुत्र स्व. शाहिद अली उर्फ दद्दा वहां पहुंचा और लूडो खेलने की बात कही। आरोप है कि शाहनवाज ने उसे उम्र में छोटा बताते हुए लूडो खेलने से मना कर दिया और वहां से जाने के लिए कह दिया।
कुछ देर बाद गोलू दोबारा वहां पहुंचा और पीछे से शाहनवाज के सिर पर ईंट से वार कर दिया। ईंट लगने से शाहनवाज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजन घायल शाहनवाज को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। गुरुवार रात उसकी हालत बिगड़ने पर उसे दोबारा जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर सीओ सिटी विभव सैनी, कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआई खुशवंत सिंह और रम्पुरा चौकी प्रभारी दीपक कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि मृतक के भाई फरमान की तहरीर पर आरोपी गोलू के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
