हल्द्वानी। जिले में सरकारी सस्ता गल्ला की दुकानों पर अक्तूबर महीने का राशन वितरण जारी रहेगा। स्मार्ट पीडीएस पोर्टल 10 अक्तूबर तक ही खुला रहने के कारण करीब सात फीसदी राशनकार्डधारक राशन लेने से वंचित रह गए थे। अब शासन ने राशन वितरण के लिए बृहस्पतिवार से पोर्टल दोबारा खोल दिया है।
जिले में कुल 2.36 लाख राशनकार्डधारक हैं। इनके तहत 9.60 लाख यूनिट पर हर महीने खाद्यान्न वितरित किया जाता है। अक्तूबर के राशन वितरण की तिथि पहले ही निर्धारित कर दी गई थी, लेकिन तय समय में सभी लाभार्थियों तक राशन नहीं पहुंच पाया। पोर्टल बंद होने के कारण राशन की दुकानों पर लगी पॉश मशीनें काम नहीं कर रही थीं, जिससे वितरण प्रभावित हुआ।
इस समस्या को देखते हुए ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधर बृजवासी ने खाद्य अपर आयुक्त पीएस पांगती से पोर्टल दोबारा खुलवाने की मांग की थी। इसके बाद शासन ने बृहस्पतिवार से पोर्टल खोल दिया, जिससे शेष लाभार्थियों को अक्तूबर का राशन मिल सकेगा।
फेडरेशन के शहर अध्यक्ष विशंभर कांडपाल ने कहा कि जिस महीने का राशन वितरित किया जाना है, उस पूरे महीने पोर्टल खुला रहना चाहिए, ताकि सभी राशनकार्डधारकों को समय पर खाद्यान्न मिल सके और वितरण में किसी तरह की परेशानी न हो।
फ़ोटो परिचय :- सांकेतिक फ़ोटो
खबर सोर्स:- अमर उजाला
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
