रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के साथ कन्या पूजन कर बेटियों को देवी का रूप मानकर उनका आशीर्वाद लिया जा रहा है। एक ओर कन्या पूजन के लिए छोटी बच्चियों का घंटों इंतजार किया जाता है, वहीं दूसरी ओर रुद्रपुर में एक नवजात बच्ची को मरने के लिए छोड़ दिए जाने का मामला सामने आया है।
शनिवार शाम इंद्रा कॉलोनी और सिंह कॉलोनी को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर खड़ी एक कार के नीचे से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो वहां करीब दो दिन की नवजात बच्ची पड़ी मिली। मासूम की हालत खराब देखकर लोग स्तब्ध रह गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी प्रदीप पंत को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना शनिवार शाम करीब सवा छह बजे की बताई जा रही है। नवजात को इस तरह बेसहारा छोड़ने की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
फ़ोटो परिचय :- सांकेतिक फ़ोटो
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
