नैनीताल। सड़क की बदहाली से परेशान कृष्णापुर, दुर्गापुर समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों ने शनिवार शाम हाथों में मोमबत्तियां लेकर कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान “रोड नहीं तो वोट नहीं”, “300 करोड़ रुपये का हिसाब दो”, “झूठे आश्वासन देना छोड़ दो, रोड दो नहीं तो गद्दी छोड़ दो” और “रोड दो-रोड दो, कृष्णापुर को रोड दो” जैसे नारों से सरोवर नगरी गूंज उठी।
नैनीताल के दक्षिणी हिस्से में हल्द्वानी रोड से जुड़े कृष्णापुर, दुर्गापुर, हरिनगर, रईस होटल कंपाउंड, वीरभट्टी और ज्योलीकोट समेत आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। रईस होटल के समीप करीब 100 मीटर सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर कई दिनों से गांधी चौक पर धरना दे रहे लोगों ने शनिवार शाम कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कैंडल मार्च तल्लीताल स्थित गांधी चौक से शुरू होकर मॉल रोड होते हुए मल्लीताल पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारी भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा तक पहुंचे। मार्च में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर शामिल हुए। सभी ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
मल्लीताल पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा के सामने मोमबत्तियां रखीं और शांतिपूर्वक मार्च समाप्त किया। इस दौरान लोगों ने सड़क की समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा बुलंद किया।
कैंडल मार्च में नगर पालिका सदस्य सुरेंद्र कुमार, पूर्व सभासद कैलाश रौतेला और पूर्व सभासद डीएन भट्ट की प्रमुख भूमिका रही। इनके अलावा दीपेश भट्ट, राहत, यशस्वी जोशी, प्रदीप परगई, विनोद, चंदन, नवीन बिष्ट, घनश्याम पोखरिया, संतोष जोशी, जीवन जोशी, अमन, धीरज भट्ट, किशन बोरा, समीर खान, नीलम रावत, हीरा सिंह और हरीश भट्ट समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रईस होटल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क के करीब 100 मीटर हिस्से को जल्द दुरुस्त कर क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
