हल्द्वानी। यूट्यूबर की लग्जरी कारें देखने के लिए देहरादून के सेलाकुई निवासी 13 वर्षीय किशोर घर से भागकर हल्द्वानी पहुंच गया। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद वह सीधे यूट्यूबर के घर पहुंचा। यहां यूट्यूबर ने उसे अपनी लग्जरी कारें दिखाईं और होम टूर भी कराया। इसके बाद किशोर को हल्द्वानी कोतवाली लाया गया, जहां से एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) को सूचना दी गई। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर किशोर को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, किशोर कक्षा आठ का छात्र है। बृहस्पतिवार को वह घर से निकलकर हल्द्वानी पहुंच गया था। एएचटीयू प्रभारी एसआई सुनीता कुंवर ने जब किशोर से बातचीत की तो उसने बताया कि वह पिछले करीब चार वर्षों से यूट्यूबर के व्लॉग देख रहा है। वह उनके पास मौजूद एक लग्जरी कार को करीब से देखना चाहता था। इसके लिए उसने रिश्तेदारों से मिलने वाले रुपये जमा किए और घर से निकलकर ट्रेन के जरिए हल्द्वानी पहुंच गया।
किशोर के यूट्यूबर के घर पहुंचने पर उसे उनकी लग्जरी कारें दिखाई गईं और होम टूर भी कराया गया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। एएचटीयू प्रभारी सुनीता कुंवर ने बताया कि किशोर के परिजनों से संपर्क कर उन्हें बुलाया गया और बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही किशोर की काउंसलिंग भी की गई।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
