रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर तराई पश्चिमी वन प्रभाग में गुरुवार को ड्यूटी के दौरान वन कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.
जानकारी के अनुसार तराई पश्चिमी वन प्रभाग के वर्किंग प्लान अनुभाग में तैनात वन आरक्षी आनंद बल्लभ जोशी गुरुवार दोपहर फाटो पर्यटन जोन क्षेत्र में चल रहे सर्वे कार्य में शामिल थे. बताया जा रहा है कि सर्वे के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आने लगे. इससे पहले कि साथ मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, वह जंगल में ही गिर पड़े.
घटना के बाद उनके साथ मौजूद वन कर्मियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी. अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किए जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
संयुक्त चिकित्सालय रामनगर की चिकित्सक डॉ. हिमानी ने बताया कि वन कर्मी को अस्पताल लाया गया था, लेकिन प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उनकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी. उन्होंने बताया कि नियमानुसार मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.
वन कर्मी आनंद बल्लभ जोशी की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया. विभागीय कर्मचारियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा.

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
