रुद्रपुर। पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे किसान मेले में कार हटाने को लेकर रविवार शाम विवाद हो गया। आरोप है कि कार हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान तीन युवतियों के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और हाथापाई की गई। युवतियों की शिकायत पर पुलिस ने कार सवार चार अज्ञात युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर देर रात तक थाने में हंगामा भी चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के आवास विकास निवासी तीन युवतियों का किसान मेले में स्टॉल लगा हुआ था। रविवार शाम करीब आठ बजे वे कार से अपने स्टॉल पर सामान लेने पहुंचीं। मेले में भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने अपनी कार रास्ते में खड़ी कर सामान लोड करना शुरू किया।
इसी दौरान कार संख्या यूके 06 एक्यू 6652 में सवार चार युवक वहां पहुंचे और हॉर्न बजाकर कार हटाने के लिए कहा। युवतियों ने पहले स्टॉल से सामान कार में रखने और उसके बाद वाहन हटाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। युवतियों ने युवकों पर उनके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। युवतियों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक नशे की हालत में थे। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची
विवाद और शोर-शराबे की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी डॉ. पीवी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवतियों ने सुरक्षा टीम के सामने भी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद तीनों युवतियां पुलिस थाने पहुंचीं और मामले की शिकायत की। कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में देर रात तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी ने क्या कहा
थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि रुद्रपुर के आवास विकास निवासी व्यक्ति की तहरीर के आधार पर वाहन संख्या यूके 06 एक्यू 6652 में सवार चार अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिनेश रावत को सौंपी गई है।
सीओ ने कही जांच के बाद कार्रवाई की बात
क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हुई है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
