स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी के साथ बैंक ऋण की अड़चनों पर हुई चर्चा
लालकुआं। नगर पंचायत कार्यालय लालकुआं में मंगलवार को स्वरोजगार एवं नए उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष लालकुआं सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की। जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी के अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और स्वरोजगार के इच्छुक युवक-युवतियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, उद्योग स्थापना, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और बैंक ऋण से संबंधित जानकारी दी।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वरोजगार एवं बैंक ऋण प्राप्त करने में आ रही समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। खास तौर पर बैंक स्तर पर ऋण के लिए कई बार करीब तीन वर्ष की आयकर रिटर्न (आईटीआर) मांगे जाने का मुद्दा उठाया गया। लोगों ने बताया कि इस तरह की शर्त के कारण पहली बार स्वरोजगार शुरू करने वाले नए उद्यमियों और युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि इस समस्या को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर आवश्यक वार्ता की जाएगी। साथ ही बैंक स्तर पर आ रही समस्याओं के समाधान के लिए यथासंभव प्रभावी कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से कहा कि स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऑनलाइन आवेदन करें और आवेदन या ऋण प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर दिक्कत आने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
लोटनी ने एक मंच पर समाधान का रखा प्रस्ताव
पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष लालकुआं सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को अलग-अलग कार्यालयों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जल्द एक विशेष दिन निर्धारित करने का प्रयास किया जाएगा। इस दिन जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के लीड बैंक और संबंधित बैंक अधिकारियों को एक ही स्थान पर बुलाकर आवेदकों की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर आवेदन, बैंकिंग प्रक्रिया और ऋण संबंधी समस्याओं के समाधान से युवाओं को राहत मिलेगी और ऋण प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक हो सकेगी।
लोटनी ने नगर क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों से स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी युवक या युवती अपना व्यवसाय शुरू करना चाहता है तो संबंधित योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करे। आवेदन अथवा ऋण प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी होने पर नगर पंचायत कार्यालय में संपर्क कर समस्या उनके समक्ष रखी जा सकती है, ताकि संबंधित विभाग और बैंक अधिकारियों के माध्यम से समाधान का प्रयास कराया जा सके।
कार्यक्रम में एक आवेदक द्वारा ऋण प्राप्त करने के लिए आयु सीमा को लेकर पूछे गए सवाल पर अधिकारियों ने बताया कि संबंधित स्वरोजगार योजना के तहत न्यूनतम 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, अन्य पात्रता और ऋण संबंधी शर्तें संबंधित योजना एवं बैंक के निर्धारित नियमों के अनुसार लागू होंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं एवं नागरिकों को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना, नए उद्योगों को प्रोत्साहित करना तथा सरकारी योजनाओं और बैंक ऋण का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाना रहा।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
