देहरादून/डोईवाला। हर्रावाला क्षेत्र में नवविवाहिता एवं शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास, ननद समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाता था और ससुराल में होने वाली हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराते हुए ‘मनहूस’ कहा जाता था।
मृतका की मां का आरोप है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू तथा अन्य परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली डोईवाला के प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा चुकी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
‘मन बहुत अजीब सा हो गया है… सॉरी मम्मा’
सृष्टि की मौत के बाद सामने आए एक कथित वीडियो ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। वीडियो में सृष्टि कथित तौर पर कहती सुनाई दे रही है, “मन बहुत अजीब सा हो गया है… 6 महीने से सह रही हूं… अब और सहा नहीं जाता… मनहूस हूं… सॉरी मम्मा…”। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
सृष्टि श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) क्षेत्र के श्रीकोट की रहने वाली थीं और शिक्षिका (प्रवक्ता) के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, जो सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत बताया गया है। शादी के करीब तीन महीने बाद सौरभ के पिता का हृदयाघात से निधन हो गया। मायके पक्ष का आरोप है कि इस घटना के लिए भी सृष्टि को दोषी ठहराया गया और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
