खटीमा ‘जनरेशन अल्फा’ का हल्लाबोल : खराब खाना-दूषित पानी के खिलाफ धरने पर बैठे छात्र, CM धामी ने हटाई प्रधानाचार्य

खबर शेयर करें 👉

खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। खटीमा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। खराब गुणवत्ता के भोजन, पानी में चीटियां मिलने, मौसमी फल-सब्जियां नहीं दिए जाने और शौचालयों की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने समेत कई समस्याओं को लेकर विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में धरना दिया और प्रधानाचार्या को हटाने की मांग की।


मामले की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि और अधिकारी विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में उन्हें लंबे समय से गुणवत्ताहीन भोजन दिया जा रहा है। उनका कहना था कि कई बार पानी में चीटियां तक मिली हैं। इसके अलावा मेन्यू के अनुसार फल और मौसमी सब्जियां भी पर्याप्त मात्रा में नहीं दी जाती हैं।
विधायक भुवन कापड़ी ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिली हैं। उन्होंने चावल, आटा और दालों पर मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी डेट नहीं होने तथा गुड़ खराब हालत में मिलने की बात भी कही। विद्यालय में शिक्षकों की कमी और शौचालयों की खराब सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी सामने आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जनजाति कल्याण निदेशालय के निदेशक एसएस टोलिया ने प्रधानाचार्या भारती यादव को अग्रिम आदेशों तक जिला जनजाति कल्याण अधिकारी कार्यालय, ऊधम सिंह नगर से संबद्ध करने के आदेश जारी किए। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  (बड़ी खबर) चमोली सुरंग हादसा: तीन श्रमिक अब भी लापता, रातभर चला राहत-बचाव अभियान( देखे मृतको व लापता लोगो की लिस्ट)


अभिभावकों ने भी विद्यालय की अव्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने शिकायतें रखीं। उनका कहना था कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर ‘छोटा है’ कहकर लूडो खिलाने से किया मना, सिर पर ईंट मारकर युवक को उतारा मौत के घाट


‘जनरेशन अल्फा’ के नाम से चर्चित नई पीढ़ी के इन विद्यार्थियों का यह विरोध अब विद्यालय की व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।