देहरादून। विदेश में पढ़ाई और नौकरी दिलाने का झांसा देकर धर्मपुर निवासी एक व्यक्ति से 75 लाख रुपये और क्रेटा कार ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर पीड़ित को विश्वास में लिया और उसके बेटे को अमेरिका भेजने का झांसा दिया। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मपुर निवासी अरविंद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में किराये पर रहने वाले प्रदीप शर्मा से उनकी पहचान हुई थी। प्रदीप ने खुद को यूपी पुलिस का कर्मचारी बताया। इसी दौरान प्रदीप ने उनकी मुलाकात अनिल भारद्वाज उर्फ शोवित कुमार, उसकी पत्नी सुजाता और रवि कुमार से कराई।
आरोप है कि आरोपियों ने अरविंद के बेटे अमन पाल को विदेश में पढ़ाई और नौकरी के लिए अमेरिका भेजने का भरोसा दिया। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया और दस्तावेजों के खर्च के नाम पर 75 लाख रुपये मांगे गए। पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए आरोपियों ने अनिल को सीबीआई कोर्ट का पेशकार, सुजाता को दिल्ली एंबेसी की कर्मचारी और रवि को कोर्ट का बाबू बताया।
आरोपियों की बातों पर विश्वास कर पीड़ित ने 75 लाख रुपये दे दिए और सुरक्षा के तौर पर कुछ बैंक चेक भी सौंपे। जब पीड़ित ने अपने चेक वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे 13 जनवरी 2026 को राजपुर रोड स्थित ब्लाइंड स्कूल के पास बुलाया।
आरोप है कि वहां आरोपियों ने पीड़ित को कार से उतार दिया और उसकी क्रेटा कार लेकर फरार हो गए। इसके बाद से सभी आरोपियों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं। न तो पीड़ित के बेटे को विदेश भेजा गया और न ही रकम वापस की गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फ़ोटो AI द्वारा निर्मित है जो कि सांकेतिक है
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
