रुड़की। रुड़की में दो सगी बहनों की हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी भाई विवेक ने वारदात से करीब एक माह पहले ही अपनी मां के सामने बहनों की हत्या करने के इरादे के संकेत दे दिए थे। मां ने उसकी बात को गंभीरता से लेते हुए बड़ी बेटी को भी सावधान किया था, लेकिन बहनें भाई के मन में चल रही खूनी साजिश को भांप नहीं सकीं।
पुलिस के मुताबिक, चुड़ियाला निवासी विवेक अपनी बहनों से कथित तौर पर नाराज था और उनके चरित्र को लेकर शक करता था। समाज में परिवार की बदनामी और इसी वजह से अपना रिश्ता टूटने की बात भी उसने पुलिस पूछताछ में बताई है। इसके बाद उसने दोनों बहनों की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, उसने वारदात के लिए तमंचा भी खरीदा था।
एसएसपी नवनीत भुल्लर के मुताबिक, विवेक ने करीब एक महीने पहले अपनी मां को बहनों को मौत के घाट उतारने के संकेत दिए थे। मां ने बड़ी बेटी को इस बारे में बताते हुए सावधान रहने को कहा था। इसके बावजूद दोनों बहनों ने भाई की धमकी को गंभीरता से नहीं लिया।
मंगलवार शाम विवेक ने रुड़की के अलग-अलग स्थानों पर अपनी दोनों बहनों को गोली मार दी। एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वारदात के दौरान विवेक ने अपनी एक बहन के पति संदीप पर भी गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। उनका एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि विवेक पहले अपने भाई के साथ कोचिंग सेंटर चलाता था। करीब डेढ़ साल पहले कनखल थाना पुलिस ने उसे नकल कराने के आरोप में गिरफ्तार किया था। नकल विरोधी कानून के तहत उसे करीब छह माह जेल में रहना पड़ा था। फिलहाल वह कोचिंग सेंटर नहीं चला रहा था और गांव में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी विवेक को चुड़ियाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस के खोखे और बाइक भी बरामद की गई है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
