काशीपुर। जसपुर क्षेत्र में बैडमिंटन खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान चाकू से किए गए वार में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, लकड़ी मंडी निवासी मोहम्मद ईशान (12) पुत्र तसलीम बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका एक अन्य बच्चे से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने ईशान के सीने के पास चाकू से वार कर दिया।
चाकू लगने से ईशान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जसपुर विधायक आदेश चौहान भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। वहीं, सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि वारदात में शामिल आरोपी भी नाबालिग है और घटना के बाद से फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
