देहरादून में पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में लालकुआं को राष्ट्रीय सम्मान, अर्बन लर्नाथॉन 2.0 में जीता अवार्ड

Oplus_16908288

खबर शेयर करें 👉

‘गुलमोहर’ स्वयं सहायता समूह की पहल ने पेश की मिसाल, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदान की ट्रॉफी और प्रमाण पत्र

लालकुआं (नैनीताल)। स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता की अनूठी पहल ने नगर पंचायत लालकुआं को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान (NIUA) की ओर से आयोजित ‘अर्बन लर्नाथॉन 2.0’ में नगर पंचायत लालकुआं को ‘अन्य नगरीय निकाय’ श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के पीछे घर-घर कूड़ा संग्रहण और उसके बेहतर प्रबंधन के लिए संचालित ‘गुलमोहर’ स्वयं सहायता समूह की अभिनव कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

देहरादून में आयोजित ‘पर्वत मंथन’ सम्मेलन के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नगर पंचायत लालकुआं को विजेता प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तराखंड शासन के शहरी विकास सचिव नितेश झा, अपर सचिव एवं निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी, भारत सरकार की संयुक्त सचिव नमिता प्रसाद, राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की निदेशक डॉ. देवोलिना कुंडू तथा राज्य मंत्री पुनीत मित्तल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में पहले कमरों में बाहर से लगाई कुंडी, फिर तोड़े ताले और समेट ले गए गहनों का खजाना (पड़े पूरी खबर)

नगर पंचायत लालकुआं की इस राष्ट्रीय उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि यहां स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए स्थानीय लोगों की भागीदारी से जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया। नगर पंचायत की पहल पर गठित ‘गुलमोहर’ पुरुष स्वयं सहायता समूह के सदस्य घर-घर जाकर नियमित रूप से कूड़ा एकत्रित करने के साथ उसके व्यवस्थित प्रबंधन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस मॉडल ने एक ओर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती प्रदान की है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका से जोड़ने का भी काम किया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में कहीं शिक्षकों ने काटीं सब्जियां तो कहीं बच्चों ने बीने चावल,भोजन माताओ की हड़ताल के बीच स्कूलों में ऐसे पका मिड-डे मील

समूह के माध्यम से नियमित कूड़ा संग्रहण, सामुदायिक सहभागिता और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन की जो व्यवस्था विकसित की गई, उसे राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली। इसी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और सफल क्रियान्वयन के आधार पर लालकुआं को देशभर के नगरीय निकायों के बीच विजेता चुना गया।

सम्मान समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बीसी भट्ट, सभासद भुवन पांडे, धन सिंह बिष्ट एवं ठाकुर सिंह ने प्रतिभाग कर नगर की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया।

इस उपलब्धि पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि नगर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, गुलमोहर समूह के सदस्यों और समस्त नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत भविष्य में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य करती रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में दीपेंद्र कोश्यारी की अगुवाई में भाजयुमो का जोरदार प्रदर्शन,विधायक हरीश धामी के खिलाफ कार्रवाई को एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

लालकुआं की यह सफलता न केवल नगर के लिए गौरव का विषय है, बल्कि उत्तराखंड के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है। ‘गुलमोहर’ समूह के माध्यम से तैयार हुआ यह मॉडल साबित करता है कि स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी, सामूहिक प्रयास और बेहतर प्रबंधन के बल पर छोटे नगर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad