हल्द्वानी। भोजन माताओं की हड़ताल के चलते सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करने की जिम्मेदारी शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों को उठानी पड़ रही है। हालात ऐसे रहे कि कहीं शिक्षक घर से ही सब्जियां काटकर स्कूल पहुंचे और खुद भोजन तैयार किया तो कहीं बच्चों ने भी अपने भोजन की व्यवस्था में शिक्षकों का हाथ बंटाया।
मंगलवार को स्कूलों में पड़ताल के दौरान अलग-अलग तस्वीरें सामने आईं। देवलचौड़ स्थित प्राथमिक विद्यालय में भोजन माताएं बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करने में जुटी थीं। बताया गया कि उन्हें भोजन माताओं की हड़ताल की जानकारी तक नहीं थी।
वहीं, जेल रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय कालाढूंगी रोड की प्रभारी प्रधानाध्यापिका हेमा पंत घर से ही लौकी, कद्दू, टमाटर और प्याज जैसी सब्जियां काटकर स्कूल पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने खुद रसोई की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों के लिए करी-चावल (झोली-भात) तैयार किया। इस दौरान बच्चों ने भी शिक्षकों की मदद की। बच्चों ने चावल साफ कर उन्हें बीना, जिसके बाद भोजन तैयार किया गया।
इसी तरह राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कालाढूंगी रोड में एसएमसी अध्यक्ष कमला देवी ने बच्चों के लिए खाना बनाया। राजपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों ने खुद भोजन तैयार कर बच्चों को परोसा। अन्य स्कूलों में भी शिक्षकों और एसएमसी सदस्यों ने मिड-डे मील की व्यवस्था संभाली।
मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र आर्या ने बताया कि विभाग की ओर से पहले ही सभी स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए गए थे कि भोजन माताओं की हड़ताल के बावजूद मिड-डे मील की व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। बच्चों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया था।
पूर्व में ही भोजन माताओं ने दे दी थी चेतावनी
भोजन माता संगठन ने प्रदेशव्यापी आंदोलन को देखते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पहले ही चेतावनी दे दी थी कि हड़ताल के दौरान स्कूलों में भोजन नहीं बनाया जाएगा। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को मिड-डे मील व्यवस्था प्रभावित न होने देने के सख्त निर्देश दिए थे। इसी के चलते शिक्षकों और एसएमसी सदस्यों को बच्चों के लिए भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
