देहरादून: कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जहां कार्यक्रम स्थल बन्नू स्कूल ग्राउंड में कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर लोहे का गार्डर गिर गया. जिसमें अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में नजदीक के प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई.

कांग्रेसी नेता अमर मेहता फ़ाइल फ़ोटो–
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई यानी शुक्रवार को उत्तराखंड आ रहे हैं. उनका देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में छात्रों की गूंज कार्यक्रम प्रस्तावित है. इस कार्यक्रम में राहुल गांधी बड़ी संख्या में छात्रों से संवाद करेंगे. ऐसे में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेता बन्नू स्कूल ग्राउंड पर डटे हुए थे. इसी दौरान कांग्रेस नेता अमर मेहता के साथ हादसा हो गया.
अमर मेहता के सिर पर गिरा लोहे का गार्डर: उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि आयोजन स्थल बन्नू स्कूल ग्राउंड में छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही थी. कार्यक्रम को लेकर क्रेन के माध्यम से वाटरप्रूफ टेंट लगाए जा रहे थे, लेकिन तभी कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर लोहे का गार्डर गिर गया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद तत्काल आनन-फानन में सीएमआई अस्पताल ले जाया गया.
इलाज के दौरान कांग्रेस नेता अमर मेहता की मौत: जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गहरी चोट लगने के कारण अमर मेहता ने दम तोड़ दिया. कांग्रेसी नेताओं की मानें तो अमर मेहता की इलाज के दौरान मौत हो गई है. डॉक्टरों ने भी मौत की पुष्टि कर दी है. फिलहाल, उनका पोस्टमार्टम कोरोनेशन अस्पताल में चल रहा है. कांग्रेस नेता अमर मेहता के निधन पर कांग्रेस में शोक की लहर है.

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
