देहरादून। उत्तराखंड के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को जल्द टैबलेट की सौगात मिल सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद इस दिशा में कार्रवाई तेज हो गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने विद्यालयी शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर योजना के क्रियान्वयन के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के उप सचिव हीरा सिंह बसेड़ा ने विद्यालयी शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजा है। इसमें मुख्यमंत्री की घोषणा का उल्लेख करते हुए इसे धरातल पर उतारने के लिए अग्रिम कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
पत्र में योजना के लिए वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुए शासनादेश जारी करने और इसकी जानकारी अविलंब मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। इससे मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रियान्वयन की प्रगति से उन्हें अवगत कराया जा सकेगा।
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान की थी घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 18 सितंबर को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया था। इस दौरान एक छात्रा के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसके तहत विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि देने की बात कही गई थी।
अब मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शिक्षा विभाग को पत्र भेजे जाने के बाद योजना को लागू करने की दिशा में कदम आगे बढ़े हैं। हालांकि, विद्यार्थियों को कितनी धनराशि दी जाएगी और टैबलेट योजना का लाभ कब से मिलेगा, इस संबंध में विस्तृत जानकारी शासनादेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फ़ोटो परिचय :- सांकेतिक फ़ोटो
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
