रुद्रपुर। शहर की नेताजी सुभाष कॉलोनी, वार्ड नंबर-2 में बच्चों के बीच मोबाइल पर PUBG खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप है। एक मासूम बच्चा भी चोटिल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में एक बच्चा मोबाइल पर PUBG खेल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक वहां पहुंचा, उसने बच्चे का मोबाइल छीन लिया और उसे थप्पड़ मार दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद विवाद फिर भड़क गया।
आरोप है कि इसके बाद एक पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि लाठी-डंडों, घूंसों और लातों से हमला किया गया, जिससे कई लोगों के सिर और शरीर पर चोटें आईं। मारपीट के दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़ा शांत कराने पहुंचे कुछ लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान एक मासूम बच्चा भी घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मारपीट की वास्तविक वजह, घटना की शुरुआत किसने की और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
