हल्द्वानी। रानीबाग स्थित पवित्र चित्रशिला धाम में धार्मिक आस्था से जुड़े विवाद के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विवादित चौपाटी को ध्वस्त कर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त रुख के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा उठाए जा रहे विरोध और शिकायतों के बाद हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में धार्मिक आस्था की रक्षा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
चित्रशिला धाम हिंदू धर्म के प्रमुख मुक्ति धामों में से एक माना जाता है। आरोप है कि इसके समीप अवैध रूप से चौपाटी संचालित की जा रही थी, जहां चाउमीन, मोमोज सहित अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि जिस मार्ग से अंतिम यात्रा और पार्थिव शरीर श्मशान घाट तक ले जाए जाते हैं, उसी स्थान पर इस तरह की व्यावसायिक गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत कर रही थीं।
स्थानीय लोगों ने इस संबंध में लगातार प्रशासन से शिकायत की थी। मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचने पर उन्होंने धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद एसडीएम नैनीताल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और विवादित चौपाटी को हटाते हुए पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण या नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे धार्मिक आस्था की जीत बताया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
