लालकुआं। नगर क्षेत्र में एक व्यवसायी की 20 वर्षीय बेटी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया। युवती के पिता ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए लालकुआं कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस से युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वर्मा कॉलोनी, दो किलोमीटर बिंदुखत्ता निवासी व्यवसायी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
युवती के पिता ने आशंका जताई है कि पड़ोस में रहने वाला युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने पुलिस से युवती के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी जताई है और जल्द से जल्द उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लालकुआं कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि युवती की तलाश और आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश देने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है। उन्होंने बताया कि युवती को जल्द बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
