यहां फेसबुक विज्ञापन से फंसी महिला, 69 लाख रुपये ठग ले गए साइबर अपराधी

Oplus_131072

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। निवेश का झांसा देकर साइबर ठगों ने दून की एक महिला से 69 लाख रुपये की साइबर ठगी कर दी। महिला ने फेसबुक पर एक निवेश का विज्ञापन दिखा और अधिक लाभ कमाने के लालच में रकम डुबो दी। महिला की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में राजपुर रोड निवासी रूबी सिंह ने बताया कि वह गृहणि है और उनके पति आईटी सेक्टर में नौकरी करते हैं। 10 फरवरी को उन्होंने फेसबुक पर आनंद राठी आनंद राठी शेयर्स एंड स्टाक ब्रोकर्स लिमिटेड पर एक इन्वेस्टमेंट से संबंधित विज्ञापन देखा।

विज्ञापन में धनराशि लगाकर अधिक लाभ कमाने के लिए बताया जा रहा था। उन्होंने लिंक खोला उस पर एक मोबाइल नंबर दिखाई दिया जोकि कावेरी मल्होत्रा का था। उन्होंने दिए नंबर पर मैसेज भेजा, जिसके बाद उन्हें निवेश संबंधी जानकारी दी गई और एक फार्म भरवाया गया।
पीड़ित ने बताया कि उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। कावेरी नाम की महिला ने उन्हें एक आईडी दी व पासवर्ड दिया। 17 फरवरी को उन्होंने 50 हजार रुपये का निवेश किया। यह धनराशि उन्हें एआर आफिशियल के पेज पर दिखाई देने लगी।

कावेरी मल्होत्रा ने बताया कि यदि आप अधिक धनराशि निवेश करती हैं तो अधिक मुनाफा होगा। 25 मार्च तक उन्होंने अपने व अपने पति के खाते से और लोन व कर्ज लेकर 69 लाख रुपये जमा कर दिए।
जब उन्होंने कुछ धनराशि निकालने के लिए आवेदन किया तो उनसे 50 लाख की सिक्योरटी धनराशि मांगी गई। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।