हल्द्वानी। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक अपनी बुलेट की टंकी पर युवती को बैठाकर बाइक दौड़ाता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के हैड़ाखान मार्ग का बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में युवती बाइक की टंकी पर चालक की ओर मुंह करके बैठी दिखाई दे रही है। इसी दौरान सामने से एक कार आती नजर आती है और मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होती दिखाई देती है। बताया जा रहा है कि कार चालक ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी और लापरवाही पर चिंता जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी मार्ग पर इस तरह बाइक चलाना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर बाइक और युवक की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से बाइक को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फ़ोटो वीडियो परिचय:- सोसल मीडिया से लिया गया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
