उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार वर्षा व बर्फबारी का दौर जारी है।
शुक्रवार को भी उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में मौसम खराब रहा। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई तो मैदानी इलाकों तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
मौसम अपडेट
शुक्रवार को केदारनाथ और पिथौरागढ़ सहित कई क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
मसूरी में रात भर हुई बारिश, अभी छाए हैं बादल। तापमान 07 डिग्री सेल्सियस।
श्रीनगर गढ़वाल में बीती रातभर होती रही रुक-रुककर बारिश। शुक्रवार सुबह से हो रही हल्की से मध्यम बारिश। शीतकाल के अंतिम चरण में लौटी ठंड।
कोटद्वार में पूरी रात रुक रुक कर होती रही बारिश। पिछले दो दिन से मौसम के बदले रुख के कारण तापमान में गिरावट। वापस लौटी ठंड।
रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ में बर्फबारी, केदारनाथ घाटी में पूरी रात होती रही बारिश, अभी भी जारी, रुद्रप्रयाग में भी हल्की बारिश।
नई टिहरी। टिहरी में गुरुवार शाम से बारिश का दौर जारी। लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण मौसम में लौटी ठंड।
अल्मोड़ा में मौसम का मिजाज बदला, बारिश से ठंड बढ़ी।
बागेश्वर में बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की सूचना। तेज हवाओं का अलर्ट, बिजली आपूर्ति ठप।
पिथौरागढ़ जिले में गुरुवार रात्रि से ही तेज गरज के साथ भारी वर्षा। अभी भी हल्की वर्षा जारीध्7 उच्च हिमालय में ऊंची चोटियों सहित दारमा, व्यास और जोहार में हिमपात हो रहा है। खलिया टाप तक हिमपात की सूचना है। सीमा मार्गों के अभी तक बंद होने की कोई सूचना नहीं है।
नैनीताल में बादल छाए।
झमाझम बारिश
चारधाम समेत ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले इलाकों में शाम के समय झमाझम बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में पारा एक से सात डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को राज्य के सभी जनपदों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। वहीं 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा, भारी बर्फबारी, तेज गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झक्कड़ चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं हरिद्वार, उधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चम्पावत जिलों में गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
