देहरादून। इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती दून के एक ठेकेदार को भारी पड़ गई। फेसबुक पर संपर्क करने वाली युवती ने पहले बातचीत बढ़ाकर भरोसा जीता, फिर आनलाइन निवेश के नाम पर ऐसा जाल बिछाया कि ठेकेदार 1.20 करोड़ रुपये गंवा बैठा।
मामला सामने आने पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज किया गया है। डोईवाला निवासी मंदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जुलाई 2025 में उन्हें फेसबुक पर सरोज मिश्रा नाम की युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी।
रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच फेसबुक मैसेंजर पर बातचीत शुरू हुई। युवती ने खुद को बेंगलुरु निवासी बताया और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाकर व्हाट्सएप पर चैटिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद युवती ने मंदीप सिंह को ‘रियो चेन’ नाम के एक निवेश प्लेटफॉर्म के बारे में बताया।
उसने दावा किया कि इस प्लेटफॉर्म से उसे 5.60 लाख रुपये का फायदा हुआ है। भरोसा बढ़ाने के लिए युवती ने देवराज प्रताप नाम के व्यक्ति का नंबर दिया, जिसने पीड़ित को प्लेटफॉर्म का लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन कराया।
मंदीप सिंह ने 13 जुलाई 2025 को 10 हजार रुपये से निवेश शुरू किया। शुरुआती निवेश पर उन्हें करीब एक हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया। इसी लालच में आकर उन्होंने अलग-अलग तारीखों में कुल 1.20 करोड़ रुपये जमा कर दिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने और पैसा जमा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
शक होने पर जब उन्होंने अतिरिक्त रकम देने से मना किया तो आरोपितों ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने साइबर पुलिस से शिकायत की। साइबर थाना पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और निवेश प्लेटफॉर्म के लिंक की जांच कर रही है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
