नैनीताल। राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नैनीताल जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने संवेदनशील स्थलों और जनपद के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, होटलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
