LPG गैस की e-KYC को लेकर अमेरिका-कनाडा तक हलचल, एजेंसियों में ई-केवाईसी के लिए उपभोक्ताओ के आ रहे कॉल

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। घरेलू गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी को लेकर उपभोक्ताओं में तेजी बढ़ गई है। इसका असर हल्द्वानी से लेकर अमेरिका, कनाडा, यूएई और दक्षिण अफ्रीका तक देखने को मिल रहा है। विदेश में रह रहे गैस उपभोक्ता भी ई-केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसियों से संपर्क कर रहे हैं।


इंडेन गैस उपभोक्ताओं के लिए 16 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी कराने की समयसीमा बताई गई है। निर्धारित अवधि में ई-केवाईसी नहीं कराने पर घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति में परेशानी हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़ में दर्दनाक हादसा: डंपर की चपेट में आए पिता-पुत्री, बेटी की मौके पर मौत


हल्द्वानी के सरस मार्केट स्थित गैस एजेंसी में इन दिनों ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ताओं की आवाजाही बढ़ गई है। एजेंसी प्रबंधन के अनुसार, जिस व्यक्ति के नाम पर गैस कनेक्शन दर्ज है, ई-केवाईसी भी उसी उपभोक्ता की होनी है। यही वजह है कि विदेश में नौकरी या कारोबार कर रहे उपभोक्ता भी वीडियो कॉल और ऑनलाइन माध्यमों से प्रक्रिया पूरी कराने के लिए एजेंसी से संपर्क कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, नाबालिग बहन से दुष्कर्म का सगा भाई पर आरोप


एजेंसी प्रबंधन के मुताबिक अमेरिका, कनाडा, यूएई और दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले कुछ उपभोक्ताओं ने WhatsApp कॉल के माध्यम से संपर्क किया है। कई मामलों में उनके परिवार के सदस्य गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचे और विदेश में रह रहे कनेक्शनधारक से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क कराकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
आरके टेंट हाउस रोड निवासी पंकज चौधरी भी कनाडा में नौकरी करते हैं। उन्होंने पिछले दिनों WhatsApp के माध्यम से एजेंसी से संपर्क कर ई-केवाईसी कराई।
एजेंसी के अनुसार, हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) से जुड़ी इंडेन गैस एजेंसी में करीब 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि काठगोदाम में यह आंकड़ा करीब 85 प्रतिशत बताया गया है।
वहीं, भारतगैस उपभोक्ताओं को भी निर्धारित समयसीमा में ई-केवाईसी कराने के लिए कहा गया है। विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील कर रही हैं।