अल्मोड़ा। मुख्यालय से सटे माल गांव और आसपास के क्षेत्रों में गुलदारों की बढ़ती चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। माल गांव में एक साथ चार गुलदार दिखाई देने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने गुलदारों की गतिविधियों को मोबाइल कैमरों में भी कैद किया है। वहीं, वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में रविवार सुबह करीब छह बजे एक गुलदार फंस गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने गुलदार को रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया।
माल गांव और दुगालखोला में लगातार दिखाई दे रहे गुलदार
पिछले कुछ समय से माल गांव और दुगालखोला क्षेत्र के साथ ही मुख्यालय से लगे ग्रामीण इलाकों में गुलदारों की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है। आबादी के आसपास एक साथ कई गुलदारों के दिखाई देने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, गुलदारों की चहलकदमी सुबह और देर शाम अधिक देखी जा रही है। ऐसे में लोग बच्चों और बुजुर्गों को अकेले घर से बाहर भेजने से भी डर रहे हैं। वन विभाग को भी माल गांव और दुगालखोला क्षेत्र में गुलदार दिखाई देने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
पिंजरे में फंसा गुलदार, रेस्क्यू सेंटर भेजा
लोगों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। रविवार सुबह करीब छह बजे एक गुलदार पिंजरे में फंस गया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया।
वन विभाग के अनुसार, रेस्क्यू सेंटर में गुलदार का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में एक साथ चार गुलदार दिखाई देने के बाद वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और अन्य गुलदारों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर रात के समय अकेले घर से बाहर नहीं निकलने और जंगल या सुनसान रास्तों पर जाने से बचने को कहा गया है।
“गुलदार को रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया गया है। यहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। लोगों से अपील है कि रात के समय घर से बाहर अकेले न निकलें।” — मोहन राम, वन क्षेत्राधिकारी, अल्मोड़ा

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
