रुद्रपुर/दिनेशपुर।
दिनेशपुर की श्रीराम कॉलोनी में रहने वाली मूलरूप से देवथल (पिथौरागढ़) निवासी 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ के सेवन से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से देवथल (पिथौरागढ़) निवासी 27 वर्षीय कंचन सामंत पत्नी ललित मोहन सामंत दिनेशपुर की श्रीराम कॉलोनी में रहती थीं। रविवार शाम को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पति ललित मोहन सामंत ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम वह धान की पौध रोपने के लिए खेत जाने की तैयारी कर रहा था। उसने पत्नी से खाना देने को कहा, जिसके बाद वह घर के अंदर चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर जब वह अंदर गया तो कंचन उल्टियां कर रही थीं। इसके बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता राम सिंह, मां बीमा देवी, मामा हिम्मत सिंह, महेश सिंह सहित अन्य परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंचन का ससुराल में लगातार उत्पीड़न और मारपीट की जाती थी। उनका कहना है कि कंचन के मुंह से खून भी निकल रहा था, जिससे उन्हें आशंका है कि ससुराल पक्ष ने विषाक्त पदार्थ देकर उसकी हत्या की है।
मायके पक्ष का यह भी कहना है कि ललित मोहन सामंत की पहली पत्नी की वर्ष 2015 में मृत्यु हो गई थी, जिससे उनके दो बच्चे हैं। इसके बाद वर्ष 2016 में उनकी शादी कंचन से हुई थी। इस दंपती की एक पुत्री है।
दिनेशपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
