अवैध शराब पर दुकानदार का अनोखा विरोध ,वायरल“दाएं-बाएं मिलती है शराब” बैनर से मचा हड़कंप

खबर शेयर करें 👉

ऋषिकेश। मद्य निषेध घोषित क्षेत्र ऋषिकेश में अपनी दुकान के आसपास अवैध शराब बिक्री से नाराज एक कारोबारी ने दुकान के बाहर एक ऐसा बैनर लगा दिया। जो इंटरनेट मीडिया में तेजी से प्रसारित हो रहा है।
इस बैनर में दुकानदार ने लिखवाया कि बार-बार पूछताछ कर परेशान न करें दुकान के दायें और बायें मिलती है शराब यह बैनर इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुकानदार से वार्ता के बाद बैनर हटवा दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की गई है। लोगों ने शराब बेचने वालों को जिला बदर करने की मांग की है।

तीर्थनगरी में अवैध शराब बिक्री को लेकर सवाल उठते रहे हैं। पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई के बीच शराब बेचने वाले भी सक्रिय रहते हैं। शहर के कई ऐसे स्थान हैं, जहां शाम ढलते ही शराब की बिक्री होती है।

शराब की होम डिलिवरी भी की जाती है। ऋषिकेश में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध है। शराब के ठेके निगम क्षेत्र से बाहर रायवाला, रानीपोखरी और खारास्रोत में है। परशुराम चौक क्षेत्र में भी अवैध शराब बिक्री की शिकायत रहती है।

सोमवार को परशुराम चौक पर डीजे कारोबारी दीपक कुमार ने अपनी दुकान के बाहर एक बैनर टांग दिया। बैनर में उन्होंने लिखा कि बार-बार पता पूछ कर परेशान न करें।

अंग्रेजी से लेकर देसी और बीयर अपनी दुकान के दायें और बायें मिलने है। यह बैनर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।

पूर्व पार्षद शिव कुमार गौतम ने इस बैनर के सामने फोटो खिंचवाई और उसे फेसबुक पर अपलोड भी किया।

जानकारी पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने शराब बिक्री बंद कराने की मांग की। उन्होंने आरोपितों को जिला बदर करने की मांग की।

ऋषिकेश कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह रावत ने बताया कि यहां शराब बेचने के मामले में आरोपित हैप्पी जाटव को 21 मार्च को ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था। एक माह पहले उसकी मां संतोष को भी अवैध शराब के साथ पकड़ा था।

ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट का कहना है कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में भी कार्रवाई की गई है। जो लोग कार्रवाई के बाद भी शराब बेच रहे हैं उन पर गुंडा एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और आबकारी विभाग ने पकड़ी अवैध शराब

पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान कोयल घाटी के पास से मुकेश कुमार निवासी शिवाजी नगर को 54 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

एसएसआइ भारत सिंह रावत ने बताया कि आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि टीम ने राजेश निवासी इंदिरा नगर के घर दबिश करने पर 28 माल्टा के टेट्रा पैक 24 पव्वे अंग्रेजी शराब के बरामद किए गए। जबकि टीम ने भानियवाला, डोईवाला में होटल-ढाबों पर कार्रवाई की।