देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, लूटपाट की कोशिश के दौरान दो आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने से आई अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सेवला खुर्द क्षेत्र में राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस व्यक्ति को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए गए।
पहचान नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शिनाख्त के प्रयासों के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। इनमें से एक व्यक्ति मृतक के साथ मारपीट कर उसे सड़क पर धक्का देता नजर आया। इसके बाद दोनों मौके से चले गए और कुछ देर बाद लौटकर व्यक्ति को देखते हुए दिखाई दिए।
शराब के नशे में जा रहे लोगों को बनाते थे निशाना
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इसके बाद मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमकर अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों को निशाना बनाते थे। वे ऐसे लोगों का पीछा कर सुनसान स्थान पर उनसे रुपये और अन्य सामान छीनने की कोशिश करते थे।
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति अत्यधिक नशे की हालत में जाता दिखाई दिया। दोनों ने उसका पीछा किया और सेवला खुर्द क्षेत्र में सुनसान जगह देखकर उसके साथ मारपीट की तथा 600 रुपये छीन लिए। इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो उन्हें व्यक्ति की मौत होने का पता चला। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अशरफ उर्फ काला और सफदर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
