राजस्व ग्राम के लिए बिंदुखत्ता में आर-पार की तैयारी, 20 सितंबर को उमड़ेगा जनसैलाब; 15 अगस्त से घर-घर जनजागरूकता अभियान

खबर शेयर करें 👉

बिंदुखत्ता। बिंदुखत्ता को वनाधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुरूप राजस्व ग्राम बनाए जाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की तैयारी है। इस मांग को लेकर आगामी 20 सितंबर को विशाल जनसभा और रैली आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को संयुक्त बैठक हुई, जिसमें वनाधिकार संगठन के साथ ही सामाजिक, पूर्व सैनिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।


बैठक में तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त से शहीद स्मारक स्थल, कार रोड से घर-घर जनजागरूकता पदयात्रा शुरू की जाएगी। पदयात्रा के माध्यम से बिंदुखत्ता के सभी 32 गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को वनाधिकार अधिनियम के प्रावधानों और राजस्व ग्राम बनाए जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को 20 सितंबर को प्रस्तावित विशाल जनसभा और रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं विधानसभा पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, क्षेत्रवासियों को दी बड़ी सौगात; देखें पूरी अपडेट


32 गांवों में होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
पदयात्रा के दौरान सभी 32 गांवों में रात्रि पड़ाव भी किया जाएगा। प्रत्येक गांव में सार्वजनिक स्थल या मंदिर परिसर में शाम को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात आठ बजे से भजन-कीर्तन, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को वनाधिकार कानून और राजस्व ग्राम के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  CCTV में कैद चेन लूट की वारदात,रास्ता पूछने के बहाने बुजुर्ग महिला से लूटपाट


लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग केवल राजस्व ग्राम का दर्जा हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के हजारों परिवारों के लोकतांत्रिक, संवैधानिक और स्थानीय स्वशासन के अधिकारों से जुड़ा विषय है। इसी को देखते हुए आंदोलन को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।


बैठक में वनाधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष खिलाफ सिंह धुन, कैप्टन चंचल सिंह कोरंगा, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट, वनाधिकार संगठन के उपाध्यक्ष भरत नेगी, रणजीत सिंह गढ़िया, सूबेदार मेजर हीरा सिंह बिष्ट, सचिव बलवंत बिष्ट, दीपक नेगी, दौलत सिंह कोरंगा, बसंत बल्लभ पांडे, वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, डॉ. चंद्र सिंह दानू, कैलाश जोशी, मनोज कोरंगा, नवीन जोशी, दीपक सिंह रौतेला, भूपेश जोशी, राज्य आंदोलनकारी ललित कांडपाल, प्रकाश जोशी, पूरन सिंह परिहार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप बथयाल, वरिष्ठ कांग्रेसी कुंदन सिंह मेहता, मीना कपिल, हास्य कलाकार जीवन दानू और लोक कलाकार सोहनलाल समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।