रुद्रपुर। साइबर अपराधियों के खिलाफ ऊधमसिंहनगर पुलिस ने जिलेभर में एक साथ सघन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर ‘ऑपरेशन साइबर हॉटस्पॉट-2026’ के तहत जिले के सभी 17 थाना क्षेत्रों में चिह्नित साइबर हॉटस्पॉट और संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस, साइबर सेल व संबंधित टीमों ने सर्चिंग, चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान कुल 179 संदिग्ध व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही आवश्यकतानुसार काउंसलिंग और वैधानिक कार्रवाई भी की। काशीपुर में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत कई चालान किए गए। खटीमा में सबसे अधिक 60 लोगों का सत्यापन कर सात चालान किए गए।
म्यूल खातों और फर्जी सिम नेटवर्क पर नजर
पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों से जुड़े खाताधारकों का भी भौतिक सत्यापन किया। इसके अलावा फर्जी या अवैध तरीके से सिम उपलब्ध कराने वालों और सिम डिस्ट्रीब्यूटर्स के प्रतिष्ठानों की जांच कर सिम की बिक्री व वितरण से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले गए।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के तहत काशीपुर में 46, जसपुर में 16, दिनेशपुर में 25, सितारगंज में आठ, गदरपुर में आठ, बाजपुर में छह, रुद्रपुर में तीन, नानकमत्ता में चार और आईटीआई क्षेत्र में तीन व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। दिनेशपुर में कुछ लोगों से पूछताछ और नोटिस की कार्रवाई भी की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी संदिग्धों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन फ्रॉड पर सख्ती
पुलिस की जांच का फोकस साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और फर्जी सिम के नेटवर्क तक पहुंचना है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड और वित्तीय धोखाधड़ी में म्यूल खातों अथवा फर्जी सिम का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ठगी के नेटवर्क से जुड़े लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
