नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 5 सितंबर को नैनीताल जिले में अतिवृष्टि/भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार, 5 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई है। इससे नदी-नालों में जलप्रवाह बढ़ने और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
आदेश के अनुसार विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान और विद्यालय, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं होंगे। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com

