हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद 17 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मेरठ निवासी सागर प्रजापति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मेरठ रवाना हुई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में उसकी सोशल मीडिया के जरिए सागर से मुलाकात हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद आरोपी कई बार नैनीताल और हल्द्वानी आया। आरोप है कि इस दौरान वह किशोरी को अलग-अलग होटलों में ले गया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक, जुलाई 2025 में आरोपी ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी। परेशान होकर वह मेरठ स्थित आरोपी के घर पहुंची, जहां उसके परिजनों ने बालिग होने पर शादी कराने का आश्वासन देकर उसे वापस भेज दिया। आरोप है कि बाद में आरोपी और उसके परिवार ने शादी से इनकार कर दिया।
मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मेरठ भेजी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
