एक नंबर, एक चेसिस… फिर दो कारें कैसे? रुद्रपुर RTO में खुलासा, अलग-अलग मालिकों के नाम पंजीकरण

Car interior, part of front seats, close

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर। संभागीय परिवहन विभाग में वाहन पंजीकरण से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर वाली दो स्विफ्ट डिजायर कारें अलग-अलग लोगों के नाम पर पंजीकृत मिली हैं। मामला सामने आने के बाद परिवहन विभाग के अधिकारी भी हैरान हैं और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।


ज्वालापुर, हरिद्वार निवासी सहदेव कुमार पाल ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से एआरटीओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यूके-06 एएन-0807 नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार उनके नाम पर पंजीकृत है। वाहन का बीमा नवीनीकरण कराने के दौरान उन्हें पता चला कि इसी नंबर के वाहन का बीमा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर भी दर्ज है।
शिकायत के बाद एआरटीओ कार्यालय में वाहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। इसमें सामने आया कि यूके-06 एएन-0807 नंबर की दूसरी कार कालाढूंगी क्षेत्र के ग्राम धमोला निवासी नीरज कुमार के नाम पर भी पंजीकृत है। इसके बाद उप सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी ने नीरज कुमार को वाहन समेत कार्यालय बुलाया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में शराब की दुकानों पर प्रशाशन की ताबड़तोड़ छापेमारी, भवाली में ओवररेटिंग तो लालकुआं में पांच रुपये की ओवररेटिंग पकड़ी


दोनों वाहनों को आमने-सामने रखकर जांच की गई तो मामला और भी पेचीदा हो गया। परिवहन विभाग के तकनीकी अधिकारी की जांच में दोनों वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर समान पाए गए।
नीरज कुमार ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने यह कार केलाखेड़ा के एक डीलर से खरीदी थी। डीलर के अनुसार उसने वाहन सहदेव कुमार पाल नाम के एक व्यक्ति से खरीदा था। हालांकि, डीलर द्वारा बताए गए सहदेव कुमार पाल और शिकायतकर्ता सहदेव कुमार पाल अलग-अलग व्यक्ति बताए जा रहे हैं।
जांच के दौरान दूसरे व्यक्ति का आधार कार्ड भी सामने आया। इसमें चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि दोनों व्यक्तियों के आधार नंबर समान पाए गए, जबकि उनके आधार कार्ड पर दर्ज जन्मतिथि और फोटो अलग-अलग हैं। इससे मामला और अधिक गंभीर हो गया है।
अब परिवहन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि एक ही रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर वाली दो कारें अलग-अलग लोगों के नाम पर कैसे पंजीकृत हुईं। साथ ही, दो अलग-अलग व्यक्तियों के आधार नंबर एक समान कैसे पाए गए, इसकी भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, नाबालिग बहन से दुष्कर्म का सगा भाई पर आरोप


एआरटीओ मोहित कोठारी ने बताया कि हरिद्वार निवासी सहदेव कुमार पाल के नाम दर्ज वाहन सही है। दूसरे व्यक्ति के नाम पर यह वाहन कैसे पंजीकृत हुआ, इसकी जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी एजेंसी या अन्य स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।