एक रात की नाराजगी, जिंदगी भर का गम छोड़ गई : गुस्से में बंद हुआ दरवाजा, खुला तो उजड़ चुका था पूरा परिवार

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता करीब 16 घंटे बाद चला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार फुलसुंगा, थाना ट्रांजिट कैंप निवासी मोहन राम खेतिहर मजदूर हैं। बताया गया कि बुधवार रात उनकी पत्नी सुमित्रा देवी (55) के साथ कमरे की चाबी को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद सुमित्रा देवी अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। परिवार के अन्य सदस्य इसे सामान्य नाराजगी समझकर दूसरे कमरे में सो गए।


गुरुवार सुबह मोहन राम और उनका बेटा काम पर चले गए, जबकि बहू बच्चे को दवा दिलाने के लिए घर से बाहर गई थी। दिनभर कमरे का दरवाजा बंद रहा। परिवार को लगा कि सुमित्रा देवी नाराज हैं और कुछ समय बाद बाहर आ जाएंगी।
शाम को बहू जब घर लौटी तो कमरे का दरवाजा अब भी बंद मिला।

संदेह होने पर उसने खिड़की से अंदर झांका तो सुमित्रा देवी पंखे से रस्सी के फंदे पर लटकी हुई दिखाई दीं। यह देखकर उसके होश उड़ गए और शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।


सूचना मिलने पर मोहन राम भी घर लौट आए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दरवाजा तोड़कर महिला को नीचे उतारा तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।

  • बॉक्स : 16 घंटे तक बंद रहा कमरा
    बुधवार रात विवाद के बाद सुमित्रा देवी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। परिवार ने इसे नाराजगी समझकर ध्यान नहीं दिया। गुरुवार शाम बहू के लौटने पर खिड़की से झांकने पर घटना का खुलासा हुआ। अनुमान है कि महिला का शव करीब 16 घंटे तक कमरे के अंदर ही रहा।
  • बॉक्स : पुलिस कर रही मामले की जांच
    पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की गई है।
ADVERTISEMENTS Ad