देहरादून। रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तराखंड की बहनों को इस बार परिवहन निगम की बसों में एक दिन से अधिक निश्शुल्क यात्रा का तोहफा मिल सकता है। शासन स्तर पर इसको लेकर मंथन चल रहा है। हालांकि, अभी दो दिन की मुफ्त यात्रा की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को कई दिनों तक निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा देने की व्यवस्था को देखते हुए उत्तराखंड में भी इस अवधि को बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। वर्तमान में उत्तराखंड सरकार रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को राज्य की सीमा के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा देती है। यह व्यवस्था वर्ष 2008 से संचालित है।
इस बार सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाली बहनों और भाइयों की सुविधा को देखते हुए निश्शुल्क यात्रा की अवधि एक दिन से अधिक किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इससे पर्व के दौरान बहनों को अपने मायके और भाइयों तक पहुंचने में सुविधा मिल सकेगी।
परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह के अनुसार, उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए सरकारी बसों में निश्शुल्क यात्रा का प्रावधान किए जाने से यात्रियों के आवागमन का असर उत्तराखंड परिवहन निगम की आय पर भी पड़ सकता है।
इसी को देखते हुए निगम ने मुख्यमंत्री की ओर से 15 अगस्त को की जाने वाली संभावित घोषणाओं के संबंध में उत्तराखंड की बसों में महिलाओं को निश्शुल्क यात्रा की सुविधा बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
अब सभी की नजरें 15 अगस्त को होने वाली घोषणाओं पर हैं। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो रक्षाबंधन पर उत्तराखंड की बहनों को एक दिन से अधिक मुफ्त बस यात्रा की सौगात मिल सकती है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
