नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में 2 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से बुधवार, 2 सितंबर को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह होने तथा संवेदनशील स्थलों पर भू-स्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालय बुधवार को बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
हालांकि, नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
