मोटाहल्दू (नैनीताल)। नेशनल हाईवे पर मोतीनगर तिराहे का खतरनाक कट एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बन गया। सोमवार देर रात करीब 9:30 बजे यहां दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जबकि दूसरी कार भी अनियंत्रित होकर घूम गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रही किया टैक्सी यूके 04 टीबी-9751 को पलविंदर सिंह पुत्र बलजीत सिंह, निवासी गुमटी, लालकुआं चला रहे थे। वह हल्द्वानी में सवारी लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही ऑल्टो कार यूके 04 आर-7837 ने किया टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑल्टो कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर पर जा चढ़ी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने ऑल्टो कार चालक दर्शन सिंह जीना पुत्र पान सिंह जीना, निवासी दोगड़ा, ज्योलीकोट, नैनीताल को हिरासत में लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के शराब के नशे में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल परीक्षण और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे में दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी भी चालक को गंभीर चोट नहीं आई। रात का समय होने के कारण सड़क पर यातायात अपेक्षाकृत कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कुछ दिन पहले इसी कट पर गई थी बाइक सवार की जान
मोतीनगर तिराहे का यह कट पहले भी गंभीर सड़क हादसे को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ दिन पहले इसी स्थान पर गलत दिशा से आए एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई थी। अब एक बार फिर इसी स्थान पर दुर्घटना होने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोतीनगर तिराहे का यह कट रात के समय बेहद जोखिम भरा हो जाता है। तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग जैसी लापरवाहियां यहां कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
लोगों ने संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन से संवेदनशील स्थान पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने, पर्याप्त संकेतक लगाने, कट की व्यवस्था की समीक्षा करने और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
