हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में अब किशोरी ने एक बच्चे को जन्म दिया है। अस्पताल में महिला चिकित्सकों की निगरानी में सुरक्षित प्रसव कराया गया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
पेट दर्द के बाद सामने आया मामला
बताया गया कि पड़ोस में रहने वाले युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। जून में किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच में गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा।
चिकित्सकों की निगरानी में हुआ प्रसव
किशोरी की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की विशेष निगरानी में उसका प्रसव कराया गया। अस्पताल के अनुसार मां और नवजात दोनों की हालत फिलहाल सामान्य है।
डीएनए जांच के लिए ली जाएगी अनुमति
मामले में पुलिस नवजात के डीएनए परीक्षण के लिए न्यायालय से अनुमति लेने की तैयारी कर रही है। अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार डीएनए रिपोर्ट मामले की जांच में साक्ष्य के तौर पर महत्वपूर्ण होगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
