लालकुआं। उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल कर गांधीनगर वार्ड नंबर-2 निवासी शिवांगी बिष्ट ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परीक्षा में शानदार सफलता के बाद उनका चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। शिवांगी की उपलब्धि की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।चयन के बाद घर पहुंचने पर पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और सभासदगणों ने शिवांगी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान उन्हें भगवान गणेश की प्रतिमा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष व सभासदों ने मिठाई खिलाकर शिवांगी को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं।शिवांगी वरिष्ठ समाजसेवी दीवान सिंह बिष्ट की पुत्री हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि शिवांगी ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।सम्मान समारोह के दौरान सभासद नेहा आर्या, वरिष्ठ सभासद धन सिंह, सुरेश शाह बिष्ट, दीप्ति हेमंत पांडेय, भुवन पांडेय समेत नगर पंचायत कार्यालय की टीम मौजूद रही। सभी ने शिवांगी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
