लालकुआं। नगर से सटे सांपकठानी खत्ता क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट किए जाने के बाद महिला द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। महिला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, घटना के बाद महिला का पति मौके से फरार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांपकठानी खत्ता निवासी 25 वर्षीय लक्ष्मी देवी का मायका इसी क्षेत्र में है, जबकि उसकी ससुराल रामपुर में बताई जा रही है। इन दिनों लक्ष्मी अपने मायके आई हुई थी। आरोप है कि बुधवार को उसके पति रविंद्र कश्यप ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। मारपीट के बाद लक्ष्मी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
महिला की हालत बिगड़ने पर आसपास के ग्रामीण उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा से महिला को हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।
ग्रामीणों के अनुसार लक्ष्मी के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनका आरोप है कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना के बाद पति के फरार होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल महिला का उपचार चल रहा है और पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
